Monday, July 27, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याछात्रा को आपत्तिजनक व्हाट्सएप संदेश भेजने के आरोप में शिक्षक जांच के...

छात्रा को आपत्तिजनक व्हाट्सएप संदेश भेजने के आरोप में शिक्षक जांच के घेरे में, बीएसए ने गठित की तीन सदस्यीय समिति


अयोध्या। रुदौली क्षेत्र के करीमपुर कंपोजिट विद्यालय में तैनात एक शिक्षक पर कक्षा आठ की छात्रा को कथित रूप से आपत्तिजनक व्हाट्सएप संदेश भेजने का आरोप लगा है। मामले की शिकायत विद्यालय की एक सहायक शिक्षिका द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से किए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार छात्रा ने सहायक शिक्षिका को बताया कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक प्रकाश पाठक उसके मोबाइल पर अनुचित संदेश भेजते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। शिक्षिका का कहना है कि छात्रा की आपबीती सुनने के बाद उन्होंने पहले इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक को दी और बाद में पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत बीएसए से करते हुए निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पीड़ित छात्रा अनुसूचित जाति परिवार से है तथा उसकी मां का निधन हो चुका है। आरोप है कि घटना के बाद छात्रा भय और तनाव के माहौल में रह रही है, जिसका असर उसकी पढ़ाई पर भी पड़ रहा है।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ छात्राएं संबंधित शिक्षक पर अनुचित व्हाट्सएप संदेश भेजने के आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी भी जांच की जा रही है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है। समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments