Sunday, July 26, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यावेस्ट-टू-आर्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, एमआरएफ केंद्र पर जाना कचरा...

वेस्ट-टू-आर्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, एमआरएफ केंद्र पर जाना कचरा प्रबंधन का महत्व


अयोध्या। विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को कुशमाहा स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्र में वेस्ट-टू-आर्ट प्रतियोगिता एवं एमआरएफ एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अयोध्या नगर निगम, सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन (सीईई) तथा लेंडिंग हैंड्स फाउंडेशन (एलएचएफ) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें फैजाबाद जीनियस इंटर कॉलेज के 60 विद्यार्थियों, 10 शिक्षकों एवं विद्यालय के प्राचार्य ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट एक्जीक्यूटिव विनीत कुमार ने विद्यार्थियों को एमआरएफ स्वच्छ केंद्र की कार्यप्रणाली और वहां स्थापित मशीनों के संचालन की जानकारी दी। वहीं प्रोजेक्ट मैनेजर दानिश ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के विभिन्न प्रकार तथा स्रोत स्तर पर गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने एमआरएफ केंद्र का भ्रमण कर कचरे की छंटाई, पृथक्करण और पुनर्चक्रण की संपूर्ण प्रक्रिया को नजदीक से देखा और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त भारत कुमार, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अकील अहमद तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे। अपर नगर आयुक्त भारत कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सतत शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने तथा नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन को पृथक-पृथक कचरा ही देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित वेस्ट-टू-आर्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पुनर्चक्रण योग्य सामग्री से आकर्षक एवं उपयोगी कलाकृतियां तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने प्रस्तुत कलाकृतियों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन समूहों को पुरस्कृत किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण तथा सतत अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त अयोध्या के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments