◆ जिला बैठक में मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने के निर्देश, चुनावी तैयारियों पर मंथन
अयोध्या। सर्किट हाउस सभागार में भाजपा महानगर की जिला बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश मंत्री एवं महानगर प्रभारी शिवभूषण सिंह ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र में नियमित संपर्क और जनसंवाद बढ़ाने पर जोर दिया।
शिवभूषण सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता प्रत्येक मतदाता से संपर्क स्थापित करें और प्रभावशाली लोगों से संवाद कर उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने पार्टी की गतिविधियों को सोशल मीडिया के साथ सरल ऐप पर भी नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
बूथ स्तर पर संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा हुई। कार्यकर्ताओं को बूथ बैठकों के बाद मतदाता सूची का अध्ययन करने और क्षेत्र में आवश्यकतानुसार जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए संगठन की तैयारियां लगातार आगे बढ़ाई जा रही हैं। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां निभाते हुए जनता से निरंतर संवाद बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक ले जाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, क्षेत्रीय मंत्री काशीराम, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश सिंह, अभिषेक मिश्र, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिलापंचायत प्रशासक प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, महामंत्री शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, तिलकराम मौर्या, बालकष्ण वैश्य, शशिप्रताप सिंह, हरभजन गौड, रीना द्विवेदी, शिवम शुक्ला, विपिन सिंह, स्वाती सिंह, गरिमा मौर्या सहित सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।