Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या संपूर्ण समाधान दिवस: 542 शिकायतें पहुंचीं, 71 का मौके पर निस्तारण; जल...

संपूर्ण समाधान दिवस: 542 शिकायतें पहुंचीं, 71 का मौके पर निस्तारण; जल निगम के अधिशासी अभियंता का वेतन रोका

0

अयोध्या। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 542 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 71 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिला स्तरीय समाधान दिवस का आयोजन तहसील रुदौली में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान विधायक रामचन्द्र यादव, उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

संपूर्ण समाधान दिवस में चकमार्ग पर अवैध कब्जा, भूमि पैमाइश, जल निगम की पाइपलाइन में लीकेज, विद्युत आपूर्ति, नाली, सड़क, पुलिया निर्माण और यूरिया की उपलब्धता सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। शिकायतकर्ता अमरेन्द्र नाथ मिश्र द्वारा चकमार्ग से अवैध कब्जा न हटाने और गलत रिपोर्ट लगाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं, विनोद कुमार की शिकायत पर चकमार्ग की भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त कराने के निर्देश उपजिलाधिकारी को दिए गए।

शहबाज बानो की पाइपलाइन लीकेज संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में समय से उपस्थित न होने पर जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता रोहित चौरसिया का जुलाई माह का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए।

तहसीलवार प्राप्त शिकायतों में रुदौली में 146 में से 18, बीकापुर में 140 में से 21, सदर में 59 में से 12, सोहावल में 74 में से 5 तथा मिल्कीपुर में 123 में से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता का कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version