अयोध्या। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शनिवार को फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अंबेडकर नगर सांसद लालजी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, विधायक चंद्रभानु पासवान, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद अवधेश प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
समीक्षा के दौरान पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, विकसित भारत अभियान और स्वच्छ भारत मिशन समेत विभिन्न विभागों की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
दिशा समिति की बैठक के बाद सांसद अवधेश प्रसाद ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ अलग बैठक कर जनपद की बिजली व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी फीडरों पर 24 घंटे, नगर पंचायत एवं तहसील फीडरों पर 21.30 घंटे तथा ग्रामीण फीडरों पर 18 घंटे की निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए, उपकेंद्रों एवं लाइनों का नियमित अनुरक्षण किया जाए, लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। बैठक के अंत में सांसद ने जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों से उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और विभागीय योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने को कहा।