◆ दूसरे व्यक्ति के नाम और दस्तावेजों का सहारा लेकर बनाया भरोसा, खाते में रकम ट्रांसफर कराकर हुए गायब
अयोध्या। साइबर जालसाजों ने पहचान बदलकर भरोसे का ऐसा जाल बुना कि रिकाबगंज निवासी एक व्यक्ति को 21 लाख रुपये की चपत लग गई। ठगों ने खुद को किसी दूसरे व्यक्ति के रूप में पेश किया और विश्वास जीतने के लिए फर्जी दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का सहारा लिया। उनकी बातों में आकर पीड़ित ने बताए गए तरीके से रकम स्थानांतरित कर दी। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर थाने का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
रिकाबगंज निवासी हरिकृष्ण पुत्र प्रेमनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। आरोप है कि जालसाज ने किसी अन्य व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल कर उनसे संपर्क किया। खुद को वही व्यक्ति बताकर विश्वास में लिया और फर्जी दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड के जरिए अपनी पहचान को वास्तविक साबित करने की कोशिश की।
पीड़ित के मुताबिक, जालसाज ने इस तरह भरोसा कायम किया कि वह उसकी बातों में आ गए और 21 लाख रुपये उसके बताए तरीके से स्थानांतरित कर दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
साइबर थाना पुलिस ने हरिकृष्ण की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी पहचान और दस्तावेजों के जरिए ठगी को किस तरह अंजाम दिया गया तथा रकम किन खातों में स्थानांतरित हुई। आरोपियों की पहचान और ठगी की रकम का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।