◆ श्रीनगर में 30 अप्रैल से 2 मई 2027 तक आयोजित होगा वर्ल्ड एसोसिएशन फॉर डायनामिक साइकियाट्री का तीसरा अधिवेशन
अयोध्या। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में मनोचिकित्सा के क्षेत्र में मनोगतिकीय उपचार (साइकोडायनामिक ट्रीटमेंट) की प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है। यह उपचार पद्धति केवल मनोरोग के दिखाई देने वाले लक्षणों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि व्यक्ति की अचेतन मानसिक प्रक्रियाओं, भावनात्मक कारणों, पुराने अनुभवों और आंतरिक संबंधों के मनोवैज्ञानिक पहलुओं को भी समझने पर जोर देती है। इसी विषय पर वैश्विक स्तर पर विचार-विमर्श के लिए वर्ल्ड एसोसिएशन फॉर डायनामिक साइकियाट्री का तीसरा अधिवेशन 30 अप्रैल से 2 मई 2027 तक श्रीनगर में आयोजित होगा।
डल झील के किनारे स्थित शेरे कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में होने वाले इस अधिवेशन की थीम ‘डायनामिक साइकियाट्री इन कंसल्टेशन लाइजन प्रैक्टिस’ रखी गई है। अधिवेशन का आयोजन संघ के अध्यक्ष प्रो. माइकल बॉटबाल और सचिव प्रो. मारिया अमान के निर्देशन में होगा। वहीं, इंडिया चैप्टर के अध्यक्ष प्रो. राय अब्राहम कल्यावालिल और सचिव डॉ. स्वप्निल गुप्ता संयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
लक्षणों से आगे मानसिक प्रक्रियाओं को समझने पर जोर
साइकोडायनामिक साइकियाट्री मनोचिकित्सा की ऐसी पद्धति है, जिसमें अचेतन और अर्धचेतन मन के द्वंद्व, मनोरक्षायुक्तियों, भावनात्मक अनुभवों तथा आंतरिक संबंधों के स्वरूप का अध्ययन किया जाता है। जहां डिस्क्रिप्टिव साइकियाट्री लक्षणों और व्यवहार के आधार पर मनोरोग का निदान करती है, वहीं डायनामिक साइकियाट्री व्यक्ति के भीतर सक्रिय मनोवैज्ञानिक प्रक्रियाओं और उनके प्रभावों को समझने पर केंद्रित रहती है। इसके माध्यम से व्यक्ति की जरूरतों के अनुरूप मनोगतिकीय निदान और उपचार का व्यक्तिगत प्रारूप तैयार किया जाता है।
आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में बायोसाइकोसोशल मॉडल की बढ़ती महत्ता के बीच यह अधिवेशन मेडिकल शिक्षा और क्लिनिकल केयर में मनोगतिकीय उपचार की प्रासंगिकता और प्रभावशीलता पर केंद्रित रहेगा।
वैश्विक विशेषज्ञों के अनुभवों से उपचार की नई संभावनाएं
अधिवेशन के आमंत्रित सदस्य एवं जिला चिकित्सालय अयोध्या के मनोपरामर्शदाता डॉ. आलोक मनदर्शन ने आयोजन समिति को अधिवेशन के आयोजन और आमंत्रण के लिए शुभकामनाएं देते हुए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने आशा जताई कि इस वैश्विक सम्मेलन में देश-विदेश के मनोविशेषज्ञों के अनुभवों और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान से मनोचिकित्सा के क्षेत्र में नई प्राविधियों और उपचार की प्रभावी युक्तियों के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे मनोउपचार की दिशा में नए आयाम जुड़ने की उम्मीद है।