अयोध्या, । सुबह-सुबह सेहत बनाने के लिए टहलने निकले सिपाही को क्या पता था कि रास्ते में कुत्ते से सामना हो जाएगा और उसके बाद मामला थाने तक पहुंच जाएगा। आरोप है कि रास्ते में एक घर से निकले कुत्ते ने उनकी जांघ पर दांत गड़ा दिए। खून निकलने पर सिपाही ने कुत्ते के कथित मालिक से शिकायत की तो कुत्ते को बांधने की नसीहत देना भारी पड़ गया। आरोप है कि जवाब में गाली-गलौज के साथ धमकी भी मिलने लगी। आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंचा और पति-पत्नी व उनके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई।
मामला कैंट थाना क्षेत्र के रघुनाथ पांडेय का पुरवा और बिछिया गांव के बीच का है। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पूरे पहली मजरे सरियावां निवासी संजय कुमार जनपद सीतापुर में डायल-112 में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। 23 नवंबर की सुबह वह छुट्टी पर घर आए हुए थे और मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सुरेश के घर के सामने से गुजरते समय उनका कुत्ता घर से बाहर निकला और सीधे उनकी जांघ पर काट लिया। चोट लगने से खून निकलने लगा।
संजय का आरोप है कि उन्होंने कुत्ते के मालिक सुरेश से शिकायत करते हुए उसे बांधकर रखने को कहा, लेकिन बात मानने के बजाय गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी बीच सुरेश के बेटे सुशांत ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि उनका कुत्ता ऐसे ही घूमता है और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस पर दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई।
कुत्ता किसका, इसी पर उलझ गए दोनों पक्ष
मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया जब कुत्ते के मालिकाना हक पर ही सवाल खड़ा हो गया। सिपाही ने कुत्ते को पालतू बताते हुए सुरेश के परिवार के खिलाफ तहरीर दी, जबकि दूसरे पक्ष ने कुत्ते को मोहल्ले में घूमने वाला बताया। उनका कहना था कि कुत्ता जिसके घर के पास जाता है, वह उसे रोटी डाल देता है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
एसओ कैंट संदीप सिंह ने बताया कि सिपाही छुट्टी पर घर आया था। मोहल्ले में घूमने वाले कुत्ते ने उसे काट लिया था। सिपाही ने एक परिवार पर कुत्ते का मालिक होने का आरोप लगाया, लेकिन परिवार ने इससे इनकार किया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद सिपाही की तहरीर पर गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सिटी श्रेयस त्रिपाठी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस एफआईआर की विवेचना कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।