अयोध्या । कोतवाली नगर क्षेत्र में बंद दुकान से करीब सवा लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि दुकान का ताला सुरक्षित मिला, जबकि अंदर रखी नकदी गायब थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामनगर कॉलोनी निवासी भरत तलरेजा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मनोहर ट्रेडर्स, आनंद इलेक्ट्रिक और साकेत इंडस्ट्रियल गैस नाम से उनकी तीन दुकानें एक ही भवन में संचालित होती हैं और सभी का प्रवेश एक ही ताले से होता है।
पीड़ित के अनुसार 22 जुलाई को जब वह दुकान पहुंचे तो मुख्य ताला बंद मिला। अपनी चाबी से ताला खोलकर अंदर जाने पर गल्ले में रखे करीब 1.20 लाख रुपये गायब थे। इसके अलावा उनके भाइयों की दुकानों से भी क्रमशः दो हजार और तीन हजार रुपये नहीं मिले। इस प्रकार कुल लगभग 1.25 लाख रुपये की नकदी चोरी होने का आरोप लगाया गया है।
भरत तलरेजा का कहना है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दे रहा है। उन्होंने फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई है।
कोतवाली नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।