अंबेडकर नगर। महरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पाती में ज़मीन विवाद के चलते मुख्य संपर्क मार्ग को खोदकर अवरुद्ध कर दिए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बेवाना थाना क्षेत्र निवासी जयप्रकाश निषाद ने ग्राम पाती निवासी ज्ञानेंद्र पांडे की चार बीघा कृषि भूमि का बैनामा कराया है। यह ज़मीन पतोना मार्ग से कृषि विज्ञान केंद्र तक जाने वाले मार्ग के समीप स्थित है, जो वर्षों से क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जयप्रकाश निषाद द्वारा सड़क की खुदाई कर दी गई, जिससे पूरा रास्ता अवरुद्ध हो गया। जब ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई तो जयप्रकाश ने यह कहकर टाल दिया कि उसने ज़मीन का बैनामा कराया है और वह अपनी ज़मीन पर जो चाहेगा करेगा।
इस घटना से न केवल ग्रामीणों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि छात्रों, किसानों और आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मार्ग को सुचारु रूप से बहाल कराने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय प्रशासन से कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है, ताकि सार्वजनिक संपत्ति का दुरुपयोग रोका जा सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।