◆ सड़कों पर भरा पानी, पैदल चलने वाले भी हुए परेशान
◆ जलनिकासी के दावों को बरसात ने दिखाया आईना
अयोध्या। महज दो घंटे की बरसात ने जलनिकासी को दावों को आईना दिखाते हुए उसकी जमीनी हकीकत सामने ला दी। यह बरसात गर्मी से अपेक्षित राहत तो नहीं दिला पाई, लेकिन जलभराव ने लोगो की परेशानियां जरुर बढ़ा दी। जुड़वा शहरों में कई जगह सड़के पानी से भरी हुई दिखाई दी। जबकि बरसात के पहले नाले नालियों की सफाई करके जलनिकासी बेहतर करने का दावा नगर निगम ने किया था।

बरसात ने रामपथ में बेहतर जलनिकासी के दावों को सामने ला दिया। अयोध्या धाम में रामपथ पर जल निकासी सही से न होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया। बिरला धर्मशाला के सामने, भक्ति पथ, हरिद्वारी बाजार, श्री राम चिकित्सालय के सामने, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, वजीरगंज जप्ती में नाले की सफाई न होने से कुम्हार टोलिया जाने वाले रास्तों पर जलभराव हो गया। कई स्थानों पर लोगों के घरों में नालियों का पानी जाने लगा।
वजीरगंज जप्ती में नाले का निर्माण काफी दिनों से चल रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गंदा पानी कही से निकलने का प्रबंध समिति ने नही किया। घरों में दूषित पानी घुस गया। रामनगरी अयोध्या में कई जगह सड़के पानी से डूबी हुई दिखाई दी। रामनगरी की सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी जलभराव के कारण परेशान दिखाई दिए।
जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम ने किया था तैयारी
जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारी की थी। जलभराव की सूचना संकलित करके त्वरित कार्रवाई के लिए कंट्रोल रुम की स्थापना हुई है। नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान के लिए जोनवार टीम का गठन किया था।