Wednesday, November 25, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या15 दिनों में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के...

15 दिनों में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन, अयोध्या में उमड़ा आस्था का सैलाब


◆ दीपोत्सव, चौदह कोसी–पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़, कारोबार को भी मिली नई रफ्तार


अयोध्या । कार्तिक माह में रामनगरी अयोध्या श्रद्धा और भक्ति के महासंगम की साक्षी बनी। बीते 15 दिनों में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। दीपोत्सव, चौदह कोसी-पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान उमड़ी भीड़ ने धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार को भी नई ऊंचाई दी। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी के साथ सूर्यकुंड, गुप्तारघाट और भरतकुंड जैसे धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की भारी आमद रही।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार दीपोत्सव में करीब 10 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। चौदह कोसी परिक्रमा में लगभग 30 लाख और पंचकोसी परिक्रमा में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगभग 35 लाख श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान और धार्मिक अनुष्ठान किए। इन आयोजनों के दौरान पूरी रामनगरी श्रद्धालुओं से गुलजार रही।


प्राण प्रतिष्ठा के बाद बढ़ा धार्मिक पर्यटन


राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में धार्मिक पर्यटन का दायरा लगातार बढ़ा है। योगी सरकार की ओर से कराए गए विकास कार्यों ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच सुविधाओं को विस्तार दिया है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, विकसित रेलवे स्टेशन, चौड़ी सड़कें, आधुनिक पार्किंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई ने अयोध्या की तस्वीर बदली है। इसके साथ ही सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इससे बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को आवागमन और दर्शन में सहूलियत मिली।


15 दिनों में सालभर के बराबर हुआ कारोबार


श्रद्धालुओं की भारी आमद का असर स्थानीय बाजारों में भी दिखाई दिया। हनुमानगढ़ी के पास फूल-माला और प्रसाद की दुकान चलाने वाले रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि दीपोत्सव से कार्तिक पूर्णिमा तक सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। उन्होंने कहा कि पहले पूरे साल में जितना कारोबार होता था, उतना इन 15 दिनों में हो गया। शहर में साफ-सफाई और सुविधाओं में सुधार से श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ा है।


विकास योजनाओं का मिल रहा लाभ


रामकोट क्षेत्र में पूजा सामग्री और स्मृति चिह्नों की दुकान चलाने वाले अजय कुमार ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों की संख्या भी काफी रही। राम मंदिर के अलावा सूर्यकुंड और गुप्तारघाट में भी लोगों की आवाजाही बढ़ी। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में कारोबार दो से तीन गुना तक बढ़ा है। चौड़ी सड़कें, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग की सुविधा से व्यापारियों को भी लाभ मिल रहा है।


होटल, रेस्तरां और परिवहन कारोबार को भी मिला लाभ


श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से होटल, रेस्तरां, ऑटो-रिक्शा और स्थानीय दुकानदारों के कारोबार में भी तेजी आई। दीपोत्सव और परिक्रमा जैसे बड़े आयोजनों के दौरान प्रशासन ने विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यवस्थाएं संचालित कीं। धार्मिक आयोजनों के साथ अयोध्या में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा दी है।


श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रही : डीएम


जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव, चौदह कोसी-पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया। विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय से सभी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments