Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याराष्ट्रपति का 19 मार्च अयोध्या दौरा, राम मंदिर में करेंगी दर्शन व...

राष्ट्रपति का 19 मार्च अयोध्या दौरा, राम मंदिर में करेंगी दर्शन व श्रीराम यंत्र की स्थापना


अयोध्या। हिंदी नववर्ष के प्रथम दिन 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अयोध्या दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगी और मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सुबह करीब 11 बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद उनका काफिला सीधे राम मंदिर के लिए रवाना होगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्वागत की व्यवस्था की गई है।

मंदिर में राष्ट्रपति दर्शन-पूजन के साथ वैदिक अनुष्ठानों में भाग लेंगी। साथ ही मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले 2000 से अधिक श्रमिकों को सम्मानित किए जाने का कार्यक्रम भी निर्धारित है।

दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रूट और काफिले का रिहर्सल पूरा कर लिया गया है। आमंत्रित अतिथियों के लिए विभिन्न स्थानों पर भोजन की व्यवस्था की गई है, जबकि प्रवेश के लिए बिड़ला धर्मशाला और रंग महल बैरियर तय किए गए हैं।

श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। सुबह 10 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति रहेगी, जबकि दोपहर लगभग 1:45 बजे के बाद पुनः दर्शन शुरू होंगे।

इस कार्यक्रम में आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी के भी अपने अनुयायियों के साथ शामिल होने की सूचना है। दौरे को लेकर शहर में तैयारियां जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments