Tuesday, August 4, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरसीएम के आगमन की तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने किया कार्यक्रम स्थल का...

सीएम के आगमन की तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण


जलालपुर,  अंबेडकर नगर। पूर्वांचल के प्रसिद्ध बाबा गोविंद साहब की तपोस्थली पर सात अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, सुंदरीकरण, हेलीपैड निर्माण, जनसभा स्थल, पार्किंग, पेयजल, विद्युत और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।

मंगलवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले गोविंद साहब मठ के सामने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और मुख्यमंत्री, वीआईपी तथा आमजन के आवागमन के लिए मार्गों की रूपरेखा देखी। साथ ही श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल से करीब 300 मीटर दूर बनाए जा रहे हेलीपैड की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि हेलीपैड के लिए भूमि का समतलीकरण कराया जा चुका है, जबकि अंतिम निर्माण कार्य जारी है।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले सभी मार्गों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं बिजली विभाग को विद्युत लाइनें व्यवस्थित करने और आवश्यक स्थानों से खंभे हटाने के लिए कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बीडीओ आलापुर को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सर्किट हाउस में तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम स्थल पर मंच और पंडाल लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments