जैतपुर अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के एकडल्ला गांव निवासी उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल के जवान चंदन कुमार का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव में कोहराम मच गया। कंपनी कमांडर राजेंद्र कुमार एवं साथी जवान वज्र वाहन से पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
चंदन कुमार वर्ष 2019 बैच में यूपीएसएसएफ में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। पिछले दो वर्षों से उनकी तैनाती श्रावस्ती एयरपोर्ट पर थी। बताया गया कि सोमवार को वह एयरपोर्ट के मुख्य गेट पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रील बनाने के चक्कर में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव एकडल्ला पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लग गया। इसके बाद तमसा नदी स्थित बंदीपुर के जगरदेव बाबा घाट पर पुलिस और साथी जवानों ने सलामी देकर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कराया।
चंदन कुमार के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। तीन बहनों के बीच वह इकलौते भाई थे। अपने पीछे वह पत्नी और तीन वर्ष की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। जवान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक सुभाष राय, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता चंद्रभान यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।