Wednesday, August 19, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरश्रवण धाम महोत्सव–2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज

श्रवण धाम महोत्सव–2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज


अम्बेडकर नगर। श्रद्धा, संस्कृति और जनसहभागिता का अद्भुत संगम श्रवण धाम महोत्सव–2026 आगामी 18 से 20 जनवरी तक भव्य रूप में आयोजित होगा। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के नोडल व सह नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने महोत्सव की तीन दिवसीय कार्यक्रम रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रथम दिवस 18 जनवरी को प्रातः पूजन एवं हवन के साथ शुभारंभ होगा। इसके बाद स्थानीय कलाकारों, स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सायंकाल मुख्य अतिथि द्वारा उद्घाटन के उपरांत ब्रज कलाकारों द्वारा फूलों की लटमार होली, मयूर नृत्य, तम्मा आरती एवं दीपोत्सव होगा। रात्रि में प्रसिद्ध भजन गायक अनुप जलोटा की भजन संध्या आकर्षण का केंद्र रहेगी।

द्वितीय दिवस 19 जनवरी को किसान सम्मेलन एवं गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात राजस्थान, वाराणसी व झारखंड के ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। सायंकाल तमसा आरती तथा रात्रि में प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास की उपस्थिति में कवि सम्मेलन होगा।

तृतीय दिवस 20 जनवरी को रन फॉर कल्चर हाफ मैराथन, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, श्रमिक एवं युवा सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह आयोजित होंगे। सायंकाल लेजर शो, लोकनृत्य और रामलीला मंचन के साथ रात्रि में भव्य समापन समारोह होगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दीपोत्सव में एक लाख से अधिक दीपों से श्रवण धाम के घाटों को जगमगाया जाए तथा सभी तैयारियां समयबद्ध और समन्वय के साथ पूर्ण की जाएं। अधिकारियों ने बताया कि जर्मन हैंगर, टेंट, रंगाई-पुताई एवं दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियां तीव्र गति से चल रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments