अंबेडकर नगर। कटेहरी विकासखंड के टीमकपरा गांव निवासी अभिमन्यु प्रताप सिंह पुत्र प्रमोद सिंह का जूनियर असिस्टेंट पद पर चयन होने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने प्रमोद के घर पहुंचकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अभिमन्यु प्रताप सिंह ने विषम परिस्थितियों के बीच संघर्ष करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और आखिरकार अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया। इससे पूर्व उन्होंने वन दरोगा की परीक्षा भी दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते हुए तैयारी जारी रखी।
उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी से पूरी की। इसके बाद देव इंद्रावती महाविद्यालय कटेहरी से बीएससी की पढ़ाई की। स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद वह प्रयागराज चले गए, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे रहे। उनकी सफलता से परिवार के साथ ही गांव के लोगों में भी उत्साह है। अभिमन्यु प्रताप सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि असफलता से निराश होने के बजाय लक्ष्य के प्रति लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।