Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सांसद के पोस्टर पर जूते मारने से अयोध्या में सियासी घमासान, सपा...

सांसद के पोस्टर पर जूते मारने से अयोध्या में सियासी घमासान, सपा ने दलित अपमान का लगाया आरोप

0

अयोध्या। संसद परिसर में कांग्रेस सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अयोध्या की सड़कों तक पहुंच गया है। दो दिन पूर्व संत समाज के विरोध प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर जूते-चप्पल मारे जाने के विरोध में सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व मिल्कीपुर के पूर्व विधायक एवं सांसद अवधेश प्रसाद के पुत्र अजीत प्रसाद, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव तथा लीलावती कुशवाहा ने किया। बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान अजीत प्रसाद ने भाजपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा भी कई बार सनातन परंपरा का अपमान किया गया, लेकिन उन मामलों में कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के दौरान हनुमान जी के स्वरूप का प्रतीकात्मक नृत्य कराए जाने तथा भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के भगवा वस्त्र पहनकर मांसाहार करने जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया।

अजीत प्रसाद ने आरोप लगाया कि सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर जूते-चप्पल चलाना केवल एक राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि दलित समाज का अपमान है, क्योंकि अवधेश प्रसाद दलित समाज से आते हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना से दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो दलित समाज इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से 2027 के विधानसभा चुनाव में देगा।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की मांग की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version