अयोध्या। रविवार सुबह डायल-112 पर आई एक सनसनीखेज कॉल ने कुछ देर के लिए पुलिस महकमे की रफ्तार बढ़ा दी। कॉलर ने दावा किया कि कुमारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चरकावा में हिशामुद्दीन के पास गोली चल रही है और करीब 50 लोग आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पीआरवी और पुलिस मौके की ओर ऐसे दौड़े मानो किसी फिल्म की शूटिंग चल रही हो।
लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुँची तो न गोली मिली, न मारपीट और न ही 50 लोग—मौजूद थी तो सिर्फ गांव की शांति और चौंकती हुई पुलिस। कॉलर से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर खुद को “नेटवर्क से बाहर” कर लिया।
जांच में मोबाइल नंबर की पहचान हुई तो मामला खुल गया। कॉल करने वाला निकला रामसुन्दर पुत्र नन्दलाल, निवासी चरकावा। काफी तलाश के बाद उसे हिशामुद्दीन के पास ही मिल गया। पूछताछ में रामसुन्दर ने साफ-साफ कबूल किया कि उसने पुलिस को “थोड़ा परेशान करने” के उद्देश्य से झूठी सूचना दी थी। गांव वालों ने भी बताया कि साहब पहले भी इस तरह की अफवाह उड़ाकर पुलिस की दौड़ लगवा चुके हैं।
पुलिस ने रामसुन्दर को झूठी सूचना देने के आरोप में धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। अब उनका मनोरंजन पुलिसिया कार्रवाई में बदल गया है।
पुलिसकीसीख: डायल-112 कोई मजाकिया मंच नहीं है, वरना अफवाह की कॉल सीधे हवालात की सैर करा सकती है।