अयोध्या। सूर्यकुंड मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 17 सितंबर को होने वाले मेले को देखते हुए नगर निगम प्रकाश, सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मंगलवार को अयोध्या धाम कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समय से निर्वहन करें। आयोजन के दौरान भी कर्मचारियों की तैनाती रहे, जिससे किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान कराया जा सके।
जनसुनवाई में कुल 16 प्रकरण सामने आए। इनमें नौ मामलों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है। कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करें।
गद्दोपुर में नगर निगम की भूमि पर पौधारोपण के लिए पैमाइश नहीं होने का मामला भी जनसुनवाई में उठा। महापौर ने अधिकारियों को मौके पर जाकर पैमाइश कराने और इसके बाद शीघ्र पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। वहीं, जनौरा के टड़वा में नाली निर्माण में हो रही देरी की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।
जनसुनवाई में अतिक्रमण, गृहकर, सफाई और जलभराव से संबंधित शिकायतें भी आईं। महापौर ने इन मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव व सुमित कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद, सुभाष त्रिपाठी व विनय सिंह, सहायक अभियंता सिविल राजपति यादव, भारत वर्मा तथा पार्षद मनीष चौधरी, अनुज दास, दीप कुमार, अंकित तिवारी, रिशु पांडेय आदि मौजूद रहे।