◆ डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अम्बेडकरनगर। जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी की गई। दोनों पालियों में पंजीकृत 19,632 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 15,107 ने परीक्षा दी, जबकि 4,525 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर, बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर, बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, एसएन इंटर कॉलेज इंदईपुर और श्री रांगेय राघव इंटर कॉलेज हंसवर समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
परीक्षा के दौरान सभी 23 केंद्रों पर उपजिलाधिकारी और तैनात मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहकर निगरानी करते रहे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भी परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखी।
पहली पाली में 2355 अभ्यर्थी अनुपस्थित
पहली पाली में पंजीकृत 9,816 अभ्यर्थियों में से 7,461 उपस्थित हुए, जबकि 2,355 अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में 9,816 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 7,646 ने परीक्षा दी और 2,170 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन की सतत निगरानी और समन्वित प्रयासों से परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।