अम्बेडकरनगर। गन्ना विकास विभाग ने वर्ष 2026-27 में उत्कृष्ट गन्ना उत्पादन करने वाले किसानों और विभागीय गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कृषकों व सहकारी गन्ना विकास समितियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि इच्छुक किसान 30 सितंबर तक अपना आवेदन गन्ना विकास परिषद, मिझौड़ा कार्यालय में जमा कर सकते हैं। फसल कटाई के बाद गन्ने की उपज का आकलन कर निर्धारित मानकों के आधार पर उत्कृष्ट किसानों का चयन किया जाएगा। साथ ही 30 वर्ष तक के युवा गन्ना किसानों के लिए भी अलग पुरस्कार योजना लागू की गई है।
महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से गन्ना विकास विभाग 20 से 25 स्वयं सहायता समूहों का चयन कर उन्हें सिंगल बड चिप विधि से गन्ने की सीडलिंग तैयार करने का प्रशिक्षण देगा। तैयार सीडलिंग के वितरण पर समूहों को विभागीय अनुदान भी मिलेगा। इच्छुक महिला स्वयं सहायता समूह 15 सितंबर 2026 तक गन्ना विकास परिषद मिझौड़ा या संबंधित गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकते हैं। वहीं, उन्नत किस्म की गन्ना सीडलिंग लेने के इच्छुक किसान भी 30 सितंबर तक परिषद में आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने किसानों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।