Friday, November 20, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरचोरी की बाइक और तमंचा-कारतूस के साथ एक गिरफ्तार

चोरी की बाइक और तमंचा-कारतूस के साथ एक गिरफ्तार


अम्बेडकर नगर। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा-कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पकड़े गए युवक के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। बरामद मोटरसाइकिल अयोध्या जनपद के तारुन थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भीटी पुलिस 18/19 नवंबर की रात क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उमरावां-सम्मनपुर छितौनिया तिराहे पर सम्मनपुर छितौनिया मार्ग की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। इस पर बाइक सवार दोनों युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक बल प्रयोग कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मोटरसाइकिल संख्या यूपी 42 बीएल 0399 बरामद हुई। जांच में पता चला कि बाइक के संबंध में अयोध्या जनपद के तारुन थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज है। वहीं, गिरफ्तार युवक सूबेदार पाण्डेय उर्फ चिंटू निवासी टेमुवां नासिनदासपुर, थाना महरुआ के पास से एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने भीटी थाने में आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बाल अपचारी के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा, रोहित प्रभाकर राय, मुख्य आरक्षी आलोक यादव तथा आरक्षी अत्र कुमार, अनूप और विनय कुमार यादव शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments