Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सावन के दूसरे सोमवार को शिव-राम भक्ति से सराबोर हुई रामनगरी, उमड़ा...

सावन के दूसरे सोमवार को शिव-राम भक्ति से सराबोर हुई रामनगरी, उमड़ा आस्था का सैलाब

0

◆ नागेश्वरनाथ में कांवड़ियों ने सरयू जल से किया अभिषेक, रामलला और हनुमानगढ़ी में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड


अयोध्या। सावन के दूसरे सोमवार को रामनगरी अयोध्या शिव और राम भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। सुबह से ही सरयू घाटों से लेकर प्रमुख शिवालयों और रामलला के दरबार तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कांवड़ियों ने सरयू में स्नान कर पवित्र जल भरा और विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारों से रामनगरी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

त्रेतायुगीन नागेश्वरनाथ मंदिर में कांवड़ियों की विशेष भीड़ रही। श्रद्धालु सरयू जल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का विधिवत अभिषेक किया। क्षीरेश्वरनाथ, पंचमुखी महादेव, झारखंडेश्वरनाथ समेत अन्य प्रमुख शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कांवड़ियों की लंबी कतारें श्रद्धा पथ और मंदिरों के आसपास दिखाई दीं।

उधर, रामलला के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हनुमानगढ़ी से लेकर राम मंदिर क्षेत्र तक दिनभर दर्शनार्थियों की आवाजाही बनी रही। शिवभक्तों के साथ रामलला के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण शहर में धार्मिक उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से यातायात एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकी गई, जबकि प्रमुख चौराहों और भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। यातायात को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया गया।


डीएम-एसएसपी ने पैदल घूमकर परखी व्यवस्था


जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने रामनगरी के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने हनुमान गुफा, नयाघाट, पुराना सरयू पुल, साकेत पेट्रोल पंप समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और थानाध्यक्षों को भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मेलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी भी विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे।


कांवड़ियों ने बताया, बेहतर रही व्यवस्था


बस्ती से कांवड़ लेकर पहुंचे चंदन मिश्रा ने बताया कि वह हर वर्ष सावन में अयोध्या आते हैं। इस बार सरयू जल लेकर नागेश्वरनाथ का अभिषेक किया और रामलला के दर्शन भी किए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

अयोध्या निवासी सुरेश तिवारी ने बताया कि हनुमानगढ़ी से रामलला तक पूरा मार्ग भक्ति के माहौल में डूबा रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पानी और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।

बस्ती के ही कांवड़ यात्री रामधनी पांडेय ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। इस बार उन्हें सुरक्षा व्यवस्था बेहतर लगी। रास्तों पर निगरानी और साफ-सफाई की व्यवस्था भी दिखाई दी।

शहर में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं चिकित्सा शिविर भी लगाए गए। शाम तक प्रमुख शिवालयों और रामनगरी के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पूरे दिन पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्था संभालते नजर आए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version