◆ लोहिया भवन में जिला और महानगर इकाई का संयुक्त आयोजन, महापुरुषों के चित्रों पर अर्पित किए पुष्प
अयोध्या। समाजवादी पार्टी की जिला एवं महानगर इकाई की ओर से सोमवार को गुलाबबाड़ी स्थित जिला कार्यालय लोहिया भवन में आदिकवि महर्षि वाल्मीकि और संत शिरोमणि स्वामी नामदेव की जयंती संयुक्त रूप से मनाई गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर भारतीय संस्कृति और साहित्य को समृद्ध किया, जबकि संत नामदेव ने अपनी भक्ति और शिक्षाओं के माध्यम से प्रेम, समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज को सत्य, न्याय, करुणा और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की रामायण आदर्श जीवन, मर्यादा और नैतिकता की सीख देती है। वहीं, संत नामदेव की शिक्षाएं जाति-पाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर सभी को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में एकता, समानता और आपसी सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य उनके विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही भेदभावमुक्त और समतामूलक समाज की स्थापना की जा सकती है।
सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, दान बहादुर सिंह, श्रीचंद यादव, अंसार अहमद बब्बन, अपर्णा जायसवाल, पूजा वर्मा, वसी हैदर, असलम सईद, जगन्नाथ यादव, राम भवन यादव, रोहित यादव भल्लू, प्रवीण राठौर, रियाज अहमद, सुरेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, विशाल यादव, सगिर, सत्यम यादव और कुनाल यादव सहित जिला एवं महानगर इकाई के पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।