Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 22 फरवरी को जनपद के सभी बूथों पर विशेष अभियान दिवस, मतदाता...

22 फरवरी को जनपद के सभी बूथों पर विशेष अभियान दिवस, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर

0
ayodhya samachar

अयोध्या जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने और सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।

इस क्रम में पूर्व में 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। चौथा विशेष अभियान दिवस रविवार, 22 फरवरी 2026 को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विशेष अभियान दिवस पर प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। उनके पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा फार्म-6, 6A, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी, जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को अभियान की जानकारी देकर सहयोग लिया जाएगा। सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों से भी नियमानुसार सहयोग प्राप्त किया जाएगा।

अभियान के पर्यवेक्षण के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि 22 फरवरी 2026 को अपने-अपने बूथ पर जाकर 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र व्यक्तियों का नाम सूची में दर्ज नहीं है या जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फार्म-6 घोषणा पत्र सहित भरकर बीएलओ को जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल एप या voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन के लिए फार्म-8 भरने की सुविधा उपलब्ध है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version