Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या कर्पूरी ठाकुर जयंती पर अयोध्या पहुंचे ओम प्रकाश राजभर

कर्पूरी ठाकुर जयंती पर अयोध्या पहुंचे ओम प्रकाश राजभर

0

जनसभा में बोले— भाजपा सरकार में भयमुक्त प्रदेश, पिछड़ों को मिलेगा वास्तविक हक


अयोध्या। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर जिले के तारुन कशेरुवा चौराहे पर आयोजित जनसभा कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना की।

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में भयमुक्त वातावरण और कानून का राज स्थापित हुआ है। गुंडे, माफिया और दंगाई जेल की सलाखों के पीछे हैं, जबकि सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों में ऐसे तत्वों को संरक्षण मिलता रहा। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में दंगे नहीं हुए हैं और सख्त कार्रवाई से अपराध पर नियंत्रण हुआ है।

राजभर ने कहा कि पिछड़ी जातियों को उनका वास्तविक हक दिलाने के लिए रोहिणी आयोग की रिपोर्ट को लागू किया जाएगा, जिससे पिछड़े वर्गों के आरक्षण में जातिवार न्यायसंगत बंटवारा संभव हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल पिछड़ी जातियों के वोट लेकर उन्हें केवल इस्तेमाल करते रहे और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए मताधिकार का दुरुपयोग किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने रोहिणी आयोग का गठन कर पिछड़ों के हित में ठोस कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘सबका साथ, सबका विकास’ नीति की सराहना करते हुए राजभर ने कहा कि पूरे देश में रोहिणी आयोग की रिपोर्ट तैयार है और एनडीए सरकार में ही जातिगत गणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। रिपोर्ट लागू होने पर छोटी-छोटी पिछड़ी जातियों को सीधा लाभ मिलेगा।

प्रदेश सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जीरो पॉवर्टी योजना के तहत लाखों परिवारों को आवास, शौचालय, पेंशन, आयुष्मान कार्ड और निःशुल्क शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि उन्हें सरकार का विकास दिखाई नहीं देता। भव्य श्रीराम मंदिर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, रेलवे परियोजनाएं और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कार्य भी उन्हें नजर नहीं आते। उन्होंने लोगों से मोबाइल रिचार्ज से अधिक बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने का आह्वान किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version