– रुदौली पुलिस ने 72 घंटे के भीतर किया हत्याकांड का खुलासा, दोनों आरोपी गिरफ्तार
अयोध्या। थाना रुदौली पुलिस ने अज्ञात शव मिलने की घटना का सफल अनावरण करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अवैध संबंधों के चलते दोनों ने मिलकर युवक की गला दबाकर हत्या कर दी थी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर द्वारा गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से घटना का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को थाना रुदौली क्षेत्र के कूड़ा सावतल के पास लिंक रोड किनारे एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। शव के चेहरे पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान बाद में बाराबंकी जनपद के असंद्रा थाना क्षेत्र के पूरे छोटे मजरे करवा निवासी देवेंद्र कुमार वर्मा (48 वर्ष) के रूप में हुई।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक की पत्नी सुमंगिनी वर्मा (27 वर्ष) का विपिन वर्मा नामक युवक से प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर पति–पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर देवेंद्र कुमार की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को सुमंगिनी ने अपने प्रेमी विपिन वर्मा के साथ मिलकर देवेंद्र कुमार को अयोध्या बुलाया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
रुदौली पुलिस ने दोनों आरोपियों सुमंगिनी वर्मा पत्नी देवेंद्र कुमार वर्मा, निवासी पूरे छोटे मजरे करवा, थाना असंद्रा, बाराबंकी, विपिन वर्मा पुत्र गोविंद कुमार, निवासी सराय मुग्दू, कोठी, बाराबंकी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है।


