अम्बेडकर नगर। कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र में एक किशोर के कथित अपहरण की सूचना जांच में पूरी तरह गलत साबित हुई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में न केवल लापता किशोर का पता लगा, बल्कि उसके साथ स्कूल न जाने वाले तीन अन्य छात्रों को भी सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मंगलवार को सुडारी अफजलपुर निवासी गीता यादव ने पुलिस को सूचना दी कि उनका 15 वर्षीय पुत्र प्रियांशु सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा। बेटे के लापता होने पर उन्होंने उसके अपहरण की आशंका जताई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान पता चला कि विद्यालय के तीन अन्य छात्र भी उस दिन स्कूल नहीं पहुंचे थे।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रियांशु को बसखारी रोड स्थित मोगली फन पार्क के पास सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ और तथ्यों के सत्यापन में सामने आया कि अपहरण जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। चारों किशोर अपनी मर्जी से स्कूल न जाकर घूमने चले गए थे।
पुलिस ने सभी किशोरों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक जांच पूरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।