Friday, April 24, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासंध्या सरोवर के सुधार को लेकर नगर निगम सक्रिय, प्राधिकरण से होगा...

संध्या सरोवर के सुधार को लेकर नगर निगम सक्रिय, प्राधिकरण से होगा समन्वय


अयोध्या। संध्या सरोवर (लाल डिग्गी) की स्थिति में सुधार के लिए नगर निगम अयोध्या विकास प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित करेगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। वह नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ ‘नगर की सरकार, आपके द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर रहे थे।

निरीक्षण की शुरुआत सुबह पुलिस लाइन तिराहा से की गई। इस दौरान पुष्पराज चौराहा के पास नाली की सफाई कार्य प्रगति पर मिला। महापौर ने शहीद फव्वारा स्थल पर अशफाक उल्ला खां की प्रतिमा पर छतरी लगाने तथा वीर सावरकर की प्रतिमा पर लगी क्षतिग्रस्त छतरी को ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क की सफाई और फव्वारा चालू कराने को कहा गया। नगर आयुक्त ने रेलिंग की पेंटिंग, पौधों की छंटाई और परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद टीम कोयला गली पहुंची, जहां जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया गया। अयोध्या विकास प्राधिकरण के नाले के पास चेंबर में पटिया गिरी मिलने पर नाराजगी जताई गई। संध्या सरोवर क्षेत्र में पानी की कमी, सफाई का अभाव और जलकुंभी की अधिकता पाई गई। इस पर नाले से गंदा पानी हटाने, चेंबर को सीवर से जोड़ने, डायवर्जन कैनाल चालू कराने और सीवर लाइन बिछाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में टीम आचार्य नरेंद्रदेव पार्क भी पहुंची, जहां अतिक्रमण की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उसे हटाने के निर्देश दिए गए। पार्क के सुंदरीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी देते हुए 15 दिन के भीतर कार्य प्रारंभ कराने को कहा गया, अन्यथा टेंडर निरस्त करने की चेतावनी दी गई। शहीद स्मृतिका के विशेष रूप से साज-सज्जा कराने पर भी जोर दिया गया।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय के अनुसार, पुलिस लाइन नाले की शुरुआत से अंत तक सफाई कराने तथा नाला निर्माण के लिए लेआउट सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल निकासी व्यवस्था बेहतर हो सके।

निरीक्षण के दौरान पार्षद अखिलेश पांडेय, अर्जुन यादव, पार्षद प्रतिनिधि अजय पांडेय, अपर आयुक्त भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, सहायक अभियंता राजपति यादव, भाजपा नेता रवि सोनकर और पूर्व पार्षद बुद्धिपाल प्रजापति मौजूद रहे।


पेयजल की गुणवत्ता मानक के अनुरूप


नगर निगम द्वारा घर-घर जलापूर्ति की गुणवत्ता की जांच केमिस्ट शशिशेखर मिश्र से कराई गई। जांच में टीडीएस 321 और पीएच मान 7.03 पाया गया। पानी में क्लोरीन की उपस्थिति भी पाई गई, जो मानकों के अनुरूप है। गर्मी को देखते हुए क्लोरीन की मात्रा संतुलित रखने के निर्देश दिए गए।


विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा


नगर निगम अयोध्या द्वारा शनिवार को विशेष सदन आयोजित किया जाएगा। गांधी सभागार में दोपहर 12 बजे होने वाले इस सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही महिला पार्षदों द्वारा महिलाओं से संबंधित कार्यों और आवश्यकताओं पर अपने विचार रखे जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments