अयोध्या। रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त को होने वाले श्रावणी उपाकर्म को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सरयू तट के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही घाटों पर चूने का छिड़काव और कूड़ा उठान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार को पत्र भेजकर श्रावणी उपाकर्म के आयोजन वाले सभी घाटों पर समय से व्यवस्थाएं पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर अयोध्या में श्रावणी उपाकर्म की प्राचीन परंपरा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू तट पर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान करते हैं।
ऋणमोचन घाट से सहस्रधारा घाट तक करीब 10 स्थानों पर श्रावणी उपाकर्म के आयोजन होंगे। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के बैठने और धार्मिक अनुष्ठान के लिए निर्धारित स्थलों की विशेष सफाई कराई जाएगी। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में चूने का छिड़काव कराने के साथ पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। आयोजन के दौरान नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था भी रहेगी।
सूर्यकुंड पर भी विशेष सफाई
श्रावणी उपाकर्म को देखते हुए सूर्यकुंड पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम के अधिकारी प्रमुख घाटों और आयोजन स्थलों पर सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
महापौर ने कहा कि धार्मिक आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।