अयोध्या। नगर निगम अयोध्या धाम के जोनल कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में सड़क, जलभराव, स्ट्रीट लाइट, सफाई, कर निर्धारण और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत विभिन्न समस्याओं से जुड़े 29 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। जनसुनवाई के दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने पार्षदों की समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
पार्षद अनूप श्रीवास्तव ने इस्माइलगंज में साहिबगंज-सीताराम स्कूल के सामने स्थित मलिन बस्ती में सुलभ शौचालय की आवश्यकता बताई। महापौर ने स्थल निरीक्षण कराकर निर्माण की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं पार्षद विश्वजीत ने लोधीपुरवा में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए सड़क निर्माण की मांग रखी, जिस पर महापौर ने जल्द सड़क बनवाने का भरोसा दिया।
अमानीगंज निवासी महीप रस्तोगी ने दुकान के सामने जबरिया अतिक्रमण कर दुकान लगाए जाने की शिकायत की। महापौर ने मामले की जांच के निर्देश दिए। पार्षद सुनीता गुप्ता ने आदर्श नगर कॉलोनी में सोलर हाईमास्ट व स्ट्रीट लाइट लगाने तथा नगर निगम की भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी।
भाजपा नेता आलोक द्विवेदी ने अश्विनीपुरम वार्ड के धनीरामपुर में जल निगम की ओर से कराए जा रहे नाली निर्माण में अनियमितता की शिकायत की। महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को जल निगम से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पार्षद विनय जायसवाल, रमाशंकर निषाद, महेंद्र शुक्ल, दीप कुमार सहित अन्य पार्षदों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सुमित कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।