अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, यातायात व्यवस्था और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में देवकाली बाईपास और नाका बाईपास को लेफ्ट फ्री जोन घोषित करने के प्रस्ताव पर जानकारी दी गई कि व्यापार संगठनों की मांग को स्वीकार करते हुए परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही दोनों स्थानों पर कार्य शुरू किया जाएगा। इस निर्णय पर व्यापार संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन का आभार जताया।
इसी क्रम में अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से रामपथ पर रिकाबगंज चौराहे के पास सीओ सिटी कार्यालय के सामने दुकानों और फुटपाथ के बीच की गैपिंग भरने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्य एक-दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा। व्यापार अधिकार मंच के महानगर प्रभारी विश्व प्रकाश रूपन ने भी व्हाट्सएप के माध्यम से कार्य की प्रगति की सराहना की।
बैठक में अयोध्या इलेक्ट्रॉनिक्स डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. उमर ने कसाबबाड़ा से फतेहगंज रोड जाने वाले नाले की क्षतिग्रस्त पटरी की मरम्मत और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग रखी। वहीं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अश्विनी कुमार तिवारी ने मोदहा चौराहे से गद्दोपुर चौराहे के बीच शांति मिल के पास जलकल विभाग द्वारा खोदे गए गड्ढे को लंबे समय से खुला छोड़ने का मामला उठाया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को जल्द समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों से प्राप्त शिकायतों और सुझावों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। बैठक में एसपी ट्रैफिक, उपायुक्त प्रशासन, राज्य कर विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापार संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।