अम्बेडकर नगर। जनपद पुलिस की मोबाइल रिकवरी सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 125 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद मोबाइल संबंधित लोगों को लौटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के निर्देशन में और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेन्द्र कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव के पर्यवेक्षण में गठित सर्विलांस टीम ने यह कार्रवाई की। मोबाइल खोने की शिकायतों पर टीम ने लगातार अभियान चलाया और तकनीकी सर्विलांस के जरिए विभिन्न स्थानों से मोबाइल बरामद किए।
पुलिस कार्यालय में गठित मोबाइल रिकवरी सेल ने कड़ी मेहनत करते हुए इन मोबाइलों को ट्रेस कर संबंधित धारकों को सूचित किया। गुरुवार को सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे जा रहे हैं, जिससे लोगों में खुशी का माहौल है।
जनहित में पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे अपने मोबाइल में ‘संचार साथी’ एप डाउनलोड करें, ताकि मोबाइल गुम होने की स्थिति में समय रहते आवश्यक जानकारी मिल सके। साथ ही मोबाइल खोने पर बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड व पहचान पत्र के साथ नजदीकी थाने में पहुंचकर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल रिकवरी सेल टीम में प्रभारी संजय पाण्डेय, उपनिरीक्षक प्रभाकान्त तिवारी, आरक्षी सौरभ पाण्डेय व अंकुर यादव की अहम भूमिका रही।