Friday, October 2, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यागांधी जयंती पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने चलाया स्वच्छता अभियान

गांधी जयंती पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने चलाया स्वच्छता अभियान


◆ गुप्तार घाट पर की साफ-सफाई, गांधी और शास्त्री को अर्पित की श्रद्धांजलि


अयोध्या। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने शुक्रवार को गुप्तार घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने घाट परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद सिविल लाइंस स्थित गांधी पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक दायित्व है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन में सर्वोच्च स्थान दिया। उनका जीवन देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।

विधायक ने कहा कि स्वच्छ भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए। सार्वजनिक, धार्मिक स्थलों और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


गांधी दर्शन पर चर्चा, मलिन बस्ती में चलाया स्वच्छता अभियान


अयोध्या। गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद गांधी दर्शन पर चर्चा आयोजित की गई। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि दुनिया ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह से अपने अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करना सीखा। गांधी लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्वपूर्ण आधार हैं।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने गांधी के विचारों से प्रेरणा लेते हुए स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में पार्षद चंदन सिंह, ज्ञान केशरवानी और अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने भी विचार रखे। स्कूली बच्चों ने गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर महापौर ने बच्चों को सम्मानित किया।

इसके बाद मलिन बस्ती रेतिया में स्वच्छता अभियान चलाकर गांधी को नमन किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी के साथ महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया गया। कार्यक्रम में पार्षद जगत नारायण यादव, अनीता द्विवेदी, हरिश्चंद्र अग्रहरि, अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments