जलालपुर अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के महुवल गांव में बेखौफ बदमाशों ने एक घर में धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। विरोध करने पर घर में मौजूद युवती पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
महुवल गांव निवासी दिलीप पांडेय के घर में तड़के करीब तीन बजे बदमाश घुस आए। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। बदमाशों ने कमरे में रखी आलमारी समेत अन्य स्थानों की तलाशी ली और करीब 4 लाख 13 हजार रुपये एजेंसी के तथा 5,500 रुपये घरेलू नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा चार जोड़ी पायल, एक जोड़ी पाजेब, पांच जोड़ी चांदी की राखी और आठ जोड़ी मीना भी समेट ले गए।
इसी दौरान घर में मौजूद प्रतिष्ठा पांडेय की आहट होने पर उन्होंने शोर मचाकर विरोध किया। इस पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल युवती का उपचार कराने के बाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाल अजय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
कोतवाल अजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वादी द्वारा दी गई जानकारी की फिलहाल सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।