अंबेडकर नगर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपदभर में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। मुख्य कार्यक्रम राजकीय हवाई पट्टी अकबरपुर में आयोजित किया गया, जहां प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य योग सत्र का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर मंत्री संजय निषाद ने कहा कि योग स्वस्थ और निरोग जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से योग से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से वर्ष के सभी 365 दिनों तक योग करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
योगाभ्यास कार्यक्रम में विकासखंड जहांगीरगंज के योग वेलनेस सेंटर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रशिक्षुओं द्वारा पावर योगा का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। वहीं योग सप्ताह के तहत आयोजित रंगोली, पोस्टर, योगासन, स्लोगन एवं आशुभाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला समेत अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहे। इसके अलावा जनपद के सभी तहसीलों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और पुलिस लाइन सहित विभिन्न स्थानों पर भी योग दिवस के भव्य आयोजन किए गए।