अंबेडकर नगर। देव इंद्रावती महाविद्यालय, कटहरी में राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाईयों द्वारा आर्पिक फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड और रिलायंस फार्मा लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज टांडा की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पारुल यादव रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.बी. सिंह एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित पांडेय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। वहीं डॉ. सीमा पटेल ने पट्टिका भेंट की। व्याख्यान को संबोधित करते हुए डॉ. पारुल यादव ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में कार्य की अधिकता और महत्वाकांक्षा के चलते युवाओं में मानसिक तनाव, उच्च रक्तचाप और हाइपर टेंशन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। जब व्यक्ति अपनी क्षमता और कमजोरियों को समझ लेता है तभी उसे स्वस्थ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि तनाव से बचाव के लिए योग, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और समय-समय पर चिकित्सीय जांच आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्याप्त नींद लेना, मोबाइल का सीमित उपयोग करना और सकारात्मक सोच बनाए रखना तनाव प्रबंधन में सहायक है। गर्भवती महिलाओं को तनाव से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इसका दुष्प्रभाव गर्भस्थ शिशु तक पर पड़ सकता है। तनाव के लक्षणों में पढ़ाई में मन न लगना, चिड़चिड़ापन, आत्मविश्वास की कमी, नशे की लत और आत्महत्या के विचार प्रमुख हैं। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ए.बी. सिंह ने कहा कि आजकल सोशल मीडिया का अनियंत्रित उपयोग और फास्ट फूड का अत्यधिक सेवन शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए जीवनशैली में सुधार आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तेज भान मिश्र ने किया और आभार व्यक्त किया गया डॉ. ए.बी. सिंह द्वारा। कार्यक्रम में डॉ. अमित पांडेय, डॉ. प्रभाकर तिवारी, सुधीर पांडेय, डॉ. शिल्पी, डॉ. बीरबल शर्मा सहित महाविद्यालय की चारों इकाईयों के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।