Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बसखारी सीएचसी में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा, लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों...

बसखारी सीएचसी में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा, लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों का वेतन रोका

0

अंबेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल और उप जिलाधिकारी टांडा मौजूद रहे। निरीक्षण में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की।

समीक्षा बैठक में सीएचओ और एएनएम ने अवगत कराया कि वीएचएनडी सत्रों के आयोजन हेतु आवश्यक उपकरण और सामग्रियां उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए एसीएमओ (भंडार) डॉ. रामानंद सिद्धार्थ और स्टोर कीपर हरगोविंद का वेतन रोकने का आदेश दिया। साथ ही सीएमओ को निर्देशित किया कि सभी सीएचसी, पीएचसी, उपकेंद्र व टीकाकरण स्थलों पर उपकरण और दवाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

इसके अलावा समीक्षा में पाया गया कि एक नसबंदी लाभार्थी को अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने ब्लॉक अकाउंट मैनेजर दिनेश का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।


टीबी रोगियों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने का निर्देश


जिलाधिकारी ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि मरीजों को नियमित दवाएं और पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए ग्राम प्रधानों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। आशाओं की कार्यकुशलता का मूल्यांकन कर रैंकिंग तैयार करने और कमजोर प्रदर्शन करने वाली आशाओं को सुधार हेतु प्रेरित करने को कहा गया। नगर पंचायत किछौछा में 26 नई आशाओं की तैनाती का प्रस्ताव मिशन निदेशक को भेजने का निर्देश भी दिया गया।


सीबीसी मशीन खराब, सेवा प्रदाता कंपनी को चेतावनी


निरीक्षण में बायोकेमेस्ट्री लैब की सीबीसी मशीन खराब पाई गई। जिलाधिकारी ने सेवा प्रदाता कंपनी को तीन दिन के भीतर मशीन दुरुस्त करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि समय से सुधार न होने पर पेनल्टी लगाई जाएगी। इसी क्रम में एक्स-रे फिल्म की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक्स-रे टेक्नीशियन को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं और आवश्यक उपकरणों की कमी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version