अंबेडकर नगर। प्रदेश में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रवासी एवं भाजपा क्षेत्रीय मंत्री विकास सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने की। बैठक में जिला पदाधिकारी, अभियान संयोजक एवं बूथ स्तर के जिम्मेदार कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय मंत्री विकास सिंह ने कहा कि एसआईआर के माध्यम से स्वच्छ व सही मतदाता सूची तैयार करना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है, जिसके लिए वरिष्ठ से लेकर कनिष्ठ स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर नियुक्त बीएलए-2 और बूथ अध्यक्षों को बीएलओ का सहयोग करते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए महत्वपूर्ण बताया और सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर नियमित रूप से सक्रिय रहने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने समीक्षा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद के 1899 बूथों पर बीएलओ द्वारा 18 लाख 776 वोटर फॉर्म वितरित किए गए, जिनमें से अब तक केवल 2,82,645 फॉर्म ही जमा हो सके हैं। उन्होंने धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को गति देने और फॉर्म शीघ्रता से भरवाकर जमा कराने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। बैठक का संचालन जिला महामंत्री दिलीप पटेल देव ने किया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने बताया कि जनपद की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में संयोजक नियुक्त कर प्रतिदिन बूथों की मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय मंत्री विकास सिंह जिलें में प्रवास कर अभियान को गति देने में जुटे हैं।
बैठक में अभियान संयोजक मनोज मिश्र, एमएलसी डॉ. हरिओम पाण्डेय, विधायक धर्मराज निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, अनीता कमल, अरविंद सिंह, डॉ. रजनीश सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।