अयोध्या। जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव आदिनाथ जी के जन्म कल्याणक के अवसर पर 11 मार्च को नगर निगम क्षेत्र में मीट व मांस की सभी दुकानें बंद रहेंगी। नगर निगम प्रशासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि धार्मिक आस्था और परंपराओं को ध्यान में शासनादेश के अनुसार आदेश दिया गया है।
आदेश के अनुसार 11 मार्च को नगर निगम सीमा के अंतर्गत संचालित सभी मीट, मांस और उससे संबंधित उत्पादों की बिक्री करने वाली दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने संबंधित दुकानदारों से अपील की है कि वे आदेश का सम्मान करते हुए निर्धारित तिथि पर अपनी दुकानें बंद रखें और प्रशासन का सहयोग करें। इसके साथ ही नगर निगम की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि आदेश का सही तरीके से अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि भगवान ऋषभदेव आदिनाथ जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर हैं और उनके जन्म कल्याणक का पर्व जैन समाज द्वारा अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। इसी कारण धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है।