Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों पर मंथन, मई तक पूरा होगा राम...

राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों पर मंथन, मई तक पूरा होगा राम मंदिर परिसर का निर्माण कार्य

0

◆ 19 मार्च को सुबह 11 बजे राम मंदिर परिसर पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू


अयोध्या। राम मंदिर परिसर में चल रही भवन निर्माण समिति की तीन दिवसीय बैठक के दूसरे दिन समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने मंदिर निर्माण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि राम मंदिर परिसर में अब केवल दो प्रमुख निर्माण कार्य शेष हैं, जिनमें हुतात्मा स्मारक और अस्थायी मंदिर का निर्माण शामिल है। बाकी अधिकांश निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से राम मंदिर ट्रस्ट को हैंडओवर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि अब मंदिर परिसर में निर्माण कार्यों के संचालन और रखरखाव की व्यवस्था ट्रस्ट के लिए मुख्य चुनौती होगी। इसको लेकर कार्यदायी संस्थाओं के साथ अलग-अलग अनुबंध किए गए हैं, जिनके तहत तीन से पांच वर्षों तक रखरखाव का दायित्व संबंधित संस्थाओं के पास रहेगा। रामलला के सूर्य तिलक की व्यवस्था के लिए वैज्ञानिक संस्थान केंद्रीय बिल्डिंग रिसर्च यूनिट तथा सहयोगी कंपनी ऑप्टिका के साथ दस वर्षों का अनुबंध किया गया है, ताकि हर वर्ष रामनवमी पर सूर्य की किरणों से भगवान रामलला के ललाट का तिलक सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को लगभग सुबह 11 बजे राम मंदिर परिसर पहुंचेंगी और दोपहर 3 बजे तक वहां मौजूद रहेंगी। इस दौरान प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था अलग तरीके से संचालित की जाएगी। मंदिर निर्माण में लगे श्रमिकों को भी आमंत्रित किया गया है और राष्ट्रपति उनसे मुलाकात करेंगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के बाद राम भक्तों के लिए परकोटा सहित सभी मंदिरों के दर्शन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। अनुमान है कि प्रतिदिन लगभग 5 हजार श्रद्धालु पास व्यवस्था के आधार पर परकोटा समेत सभी मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा, उनके सामान की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर भी ट्रस्ट विशेष ध्यान देगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version