अयोध्या। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संदेश के साथ ग्रामसभा समैसा में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” महाभियान के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।
आलोक सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। ये न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक हैं।
इस अवसर पर ओमप्रकाश तिवारी, सुनील पाण्डेय, लक्ष्मण पाण्डेय, करुणाकर पाण्डेय, प्रकाश चंद्र पाण्डेय, मंशाराम वर्मा, आलोक पाण्डेय, बृजेश वर्मा, सौरभ पाण्डेय, हर्षित पाण्डेय, संतराम निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।