अंबेडकर नगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। अलग-अलग विवाह स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच 443 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
भीटी के राम जानकी मैरिज हॉल में जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की मौजूदगी में 40 जोड़ों का विवाह हुआ। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।
अकबरपुर विकासखंड व नगर पालिका के संयुक्त आयोजन में जय श्री लॉन्स एंड गेस्ट हाउस, पहितीपुर रोड शहजादपुर में 68 जोड़े, बसखारी व नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के कार्यक्रम में पैराडाइज गार्डेन, कजरी का पोखरा बरियावन में 42 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। भियांव के जगर देव बाबा मंदिर परिसर में 54 जोड़ों का विवाह कराया गया।
जहांगीरगंज विकासखंड, नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर एवं नगर पंचायत जहांगीरगंज के संयुक्त आयोजन में आदित्य मैरिज हॉल, तेंदुआईकला में 56 जोड़ों ने सात फेरे लिए। जलालपुर विकासखंड व नगर पालिका के संयुक्त आयोजन में आर्या मैरिज लॉन में 60 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
कटेहरी के पूजा मैरिज हॉल में 39, रामनगर के श्याम वाटिका मैरिज लॉन में 43 तथा टांडा विकासखंड व नगर पालिका के संयुक्त आयोजन में मौर्या मैरिज लॉन, पुंथर में 42 जोड़ों का विवाह कराया गया। सभी विवाह स्थलों पर वर-वधू के परिजनों और अतिथियों में उत्साह का माहौल रहा।
प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये का प्रावधान
जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें 21 हजार रुपये की विवाह उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था तथा 64 हजार रुपये की धनराशि विवाहित कन्या के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की जाती है। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।