Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फंदे से लटकता मिला शव —...

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फंदे से लटकता मिला शव — ससुर व पति हिरासत में

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर भूआ गांव में शनिवार दोपहर एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में हड़कंप मच गया। महिला का शव घर के दूसरे तले पर बने टीन शेड में फंदे से लटकता मिला। परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे गांव निवासी जगदीश वर्मा अपनी पत्नी और पुत्र सतीश के साथ खेत से गाजर उखाड़कर घर लाए थे। गाजर की धुलाई के दौरान पानी खत्म होने पर जगदीश वर्मा छत के दूसरे तले पर पानी लेने पहुंचे, जहां टीन शेड में उनकी बहू अर्चना वर्मा फंदे से लटकी हुई मिली। यह देख उन्होंने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने महिला को फंदे से उतारकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू करते हुए मृतका के ससुर जगदीश वर्मा और पति सतीश वर्मा को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी की देखरेख में शव का पंचनामा कराया गया, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कर दी है। मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सतीश वर्मा का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व सुल्तानपुर जिले के एक गांव निवासी अर्चना वर्मा से हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार बीते कुछ दिनों से मृतका और ससुराल पक्ष के बीच आपसी विवाद भी चल रहा था।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version