Home Uncategorized महिला सशक्तिकरण के तहत मालीपुर पुलिस का जागरूकता अभियान जारी

महिला सशक्तिकरण के तहत मालीपुर पुलिस का जागरूकता अभियान जारी

0

जलालपुर अम्बेडकर नगर। महिला सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत मालीपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा जागरूकता कार्यक्रम गांव-गांव और स्कूलों तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मालीपुर थाना प्रभारी स्वतंत्र कुमार मौर्य के नेतृत्व में जफरपुर मुर्गजार गांव स्थित आर.पी. मेमोरियल उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।

चौपाल में उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य एवं उपनिरीक्षक वर्षा यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं निर्भय होकर दिन-रात कहीं भी आ-जा सकती हैं, क्योंकि पुलिस हर परिस्थिति में तत्पर है।


सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर बताए गए


अधिकारीगण ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं वूमेन पावर लाइन, आपातकालीन सेवा, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, एम्बुलेंस सेवा, आपात चिकित्सा सेवा पर निःशुल्क कॉल कर मदद मांग सकती हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉल करने के 15-20 मिनट के भीतर पुलिस या अन्य संबंधित सहायता पहुंच जाएगी।


साइबर अपराध से सतर्क रहने की सलाह


कार्यक्रम में साइबर अपराधों पर भी विशेष जानकारी दी गई। उपनिरीक्षक वर्षा यादव ने चेताया कि साइबर अपराधी खुद को सीबीआई, पुलिस, बैंक या गैस एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को भ्रमित करते हैं। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि साइबर अपराध की घटना घट जाए, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यक्रम में महिला सिपाही क्षमा देवी और कांस्टेबल राघवेंद्र चाहर भी मौजूद रहे। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों और छात्राओं ने महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भरोसा जताया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version