अंबेडकरनगर। जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सफेद बालू से लदे सात ट्रक और दो ट्रैक्टर सीज कर दिए। कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में उपजिलाधिकारी आलापुर, क्षेत्राधिकारी आलापुर, जिला खनन अधिकारी और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने थाना राजेसुल्तानपुर पुलिस के सहयोग से ग्राम अन्नुपुर कम्हरिया रोड के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान कई वाहन ओवरलोडिंग और अवैध खनन में संलिप्त पाए गए।
टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए सफेद बालू लदे सात ट्रकों और दो ट्रैक्टरों को खनन अधिनियम, परिहार नियमावली तथा ओवरलोडिंग के तहत सीज कर दिया। यह कार्रवाई सोमवार देर रात करीब एक बजे की गई।
कार्रवाई में थाना राजेसुल्तानपुर के थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।