जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर पालिका परिषद जलालपुर के विस्तारित क्षेत्र में शामिल हुए तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी कई मोहल्लों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। बरसात शुरू होते ही नहविया मोहल्ले के लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सड़क और नाली न होने से क्षेत्र में जलभराव तथा कीचड़ की समस्या विकराल रूप ले रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नहविया मोहल्ले में प्रमोद यादव के घर से सनोज चौहान के घर तक न तो इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है और न ही नाली की व्यवस्था की गई है। हल्की बारिश के बाद ही मार्ग पर पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। घरों से निकलने वाला पानी भी निकासी के अभाव में सड़क पर जमा रहता है, जिसके कारण अधिकांश समय रास्ता कीचड़ और गंदे पानी से भरा रहता है।
क्षेत्र निवासी प्रमोद यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका प्रशासन को कई बार ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र नाली और सड़क निर्माण कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद जलालपुर के वरिष्ठ लिपिक राम प्रकाश पांडे ने बताया कि संबंधित प्रस्ताव को बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर निविदा जारी कराई जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्रवासियों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।