जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मगुराडीला गांव में शनिवार रात 46 वर्षीय मजदूर शिवदास ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मगुराडीला गांव निवासी शिवदास मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जाता है कि शनिवार रात किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। इसके बाद शिवदास ने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिवदास के परिवार में 14 वर्षीय सबसे बड़ा बेटा और दो बेटियां हैं। उनकी मौत से बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी को लेकर परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।