अंबेडकरनगर। पुलिस लाइन में मेस मुंशी के पद पर तैनात आरक्षी संदीप कुमार ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह लगभग साढे पांच बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। अधिकारियों और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
संदीप कुमार के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो वह खिड़की की ग्रिल से फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मृतक के स्वजन को दे दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तेजवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरक्षी दो दिन के अवकाश पर घर गया था और गुरुवार को ही अवकाश से वापस लौटा था। पुलिस प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।